पाटन। सोमवार 17 अगस्त को पाटन क्षेत्र के टोला घाट में आयोजित होने वाली भव्य कांवर यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बोल बम कांवर यात्रा समिति के संयोजक जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस यात्रा में इस बार 50 हजार से अधिक कांवरियों के शामिल होने की संभावना है। कांवरिए खारून नदी के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।

यात्रा को लेकर प्रशासन भी तैयारियों में जुटा हुआ है। रविवार को टोला घाट पहुंचकर एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव, एसडीओपी प्रांशु तिवारी, तहसीलदार पवन ठाकुर और पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर समिति के सदस्यों से चर्चा कर यात्रा से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।

इस दौरान पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी व्यवस्था, भोजन-भंडारा सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने लक्ष्मण झूला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

बोल बम कांवर यात्रा समिति के संयोजक जितेंद्र वर्मा और पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष निक्की भाले ने भी टोला घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। आयोजन को लेकर समिति और प्रशासन द्वारा लगातार तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।






