पाटन: आसमान में दो हवाई जहाजों के चक्कर लगाने से ग्रामीणों में कौतूहल

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम बेलहारी, गातापार एवं आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को आसमान में दो हवाई जहाजों के लगातार चक्कर लगाने से ग्रामीणों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों विमान करीब 20 मिनट तक क्षेत्र के ऊपर मंडराते हुए दिखाई दिए।

अचानक आसमान में विमानों की लगातार आवाजाही देख ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और आसमान की ओर निहारते रहे। गांवों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने विमानों के रास्ता भटक जाने की आशंका जताई, जबकि कई लोग इसे सामान्य हवाई गतिविधि मान रहे हैं।

विमानों के लगातार चक्कर लगाने की वजह से क्षेत्र में उत्सुकता बनी रही। हालांकि देर शाम तक इस संबंध में किसी आधिकारिक विभाग की ओर से कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।