पाटन: एक कार्यक्रम के दो आमंत्रण पत्र सोशल मीडिया में वायरल, अतिथियों की सूची को लेकर चर्चा, कृषि मंत्री भी होंगे शामिल, उद्यानिकी वानिकी विभाग के जिला पंचायत सभापति का नाम एक कार्ड से गायब

पाटन। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया में दो अलग-अलग आमंत्रण पत्र वायरल होने से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। यह आयोजन पाटन स्थित में “खेत बचाओ अभियान” तथा एक दिवसीय कार्यशाला के तहत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सहित स्थानीय सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। हालांकि आयोजन से पहले सोशल मीडिया में वायरल हो रहे दो अलग-अलग आमंत्रण पत्रों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। वायरल हो रहे एक आमंत्रण पत्र में जिला पंचायत दुर्ग की कृषि, उद्यानिकी एवं वानिकी समिति की सभापति नीलम राजेश चंद्राकर का नाम अतिथि सूची में शामिल नहीं है। वहीं दूसरे आमंत्रण पत्र में उनका नाम अतिथि क्रम में प्रमुखता से उल्लेखित किया गया है। दो अलग-अलग आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बन गया है कि कार्यक्रम का आधिकारिक आमंत्रण पत्र कौन-सा है और अतिथियों की अंतिम सूची क्या है। सोशल मीडिया पर लोग दोनों कार्ड साझा कर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल आयोजन समिति या संबंधित विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में कार्यक्रम को लेकर आमंत्रण पत्रों में अंतर की वजह चर्चा का विषय बनी हुई है।।विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, कृषि एवं वानिकी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा तथा किसानों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी रहेगी।