पाटन: श्रमिक कार्ड में दूसरे व्यक्ति का आधार नंबर दर्ज, छात्रवृत्ति के लिए परेशान हो रही दो सगी बहनें, शासकीय योजनाओं का नहीं मिल रहा लाभ

पाटन। नगर पंचायत पाटन के वार्ड क्रमांक 6 में श्रमिक कार्ड में आधार नंबर की गलत एंट्री होने का मामला सामने आया है। वार्ड निवासी डाली कहार और गायत्री कहार, पिता प्रकाश कहार के श्रमिक कार्ड में किसी दूसरे व्यक्ति का आधार नंबर दर्ज हो गया है। इसके चलते दोनों बहनों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दोनों बहनें कॉलेज की छात्राएं हैं और श्रमिक कार्ड में आधार नंबर गलत होने के कारण कॉलेज की छात्रवृत्ति का फार्म भरने में भी दिक्कत आ रही है। परिवार का कहना है कि श्रमिक कार्ड में दर्ज आधार नंबर को सही कराने के लिए वे कई बार एसडीएम कार्यालय और जनपद पंचायत कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है।

परिजनों ने संबंधित विभाग से श्रमिक कार्ड में दर्ज गलत आधार नंबर को तत्काल सुधारने और दोनों छात्राओं को छात्रवृत्ति सहित पात्र शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।