पाटन: शिक्षक की कमी से नाराज ग्रामीण, दी तालाबंदी की चेतावनी

पाटन। ग्राम खर्रा के प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और शाला विकास समिति ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पहले चार शिक्षक नियुक्त थे, जिनमें से एक शिक्षिका को  शिकायत के बाद 15 दिन के लिए निलंबित कर बीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं शिक्षक देवनारायण बघेल का स्थानांतरण प्राथमिक शाला चुलगहन कर दिया गया। इसके बाद स्कूल में केवल दो शिक्षक रह गए हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्कूल में तालाबंदी की जाएगी। ग्रामीणों ने चुलगहन पदस्थ शिक्षक को वापस खुर्दा भेजने की मांग भी की है।

अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है। सरपंच रेखराम साहू, पंचों और शाला विकास समिति के सदस्यों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।