पाटन: शिक्षक की मांग को लेकर बीईओ कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, नहीं मिला संतोषजन जवाब, अब सोनपुर जाकर गृह मंत्री विजय शर्मा से लगाएंगे गुहार, 24 अगस्त से करेंगे स्कूल में तालाबंदी

विज्ञापन

पाटन। शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक केसरा में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को बीईओ कार्यालय पहुंचकर शिक्षक की व्यवस्था की मांग की। हालांकि कार्यालय में बीईओ के मौजूद नहीं होने के कारण ग्रामीणों को संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। अब ग्रामीण पाटन ब्लॉक के ग्राम सोनपुर में गृह मंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या रखने की तैयारी में हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि केसरा का यह प्राथमिक स्कूल बेहद पुराना है और वर्ष 1860 से संचालित होने की बात बताई जा रही है। वर्तमान में स्कूल में महज दो शिक्षक हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इनमें से एक शिक्षक अक्सर विभागीय कार्यालयीन कार्य में व्यस्त रहते हैं, जबकि दूसरे शिक्षक पर बच्चों को पढ़ाने के साथ मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी रहती है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग द्वारा केसरा के ही एक अन्य स्कूल में पदस्थ शिक्षक को यहां भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि दूसरे स्कूल से शिक्षक को हटाकर केसरा में पदस्थ करने से वहां भी शिक्षकों की कमी हो जाएगी। ग्रामीणों की मांग है कि किसी अन्य स्कूल की व्यवस्था प्रभावित किए बिना केसरा में अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की जाए।

गुरुवार को ग्रामीण बीईओ कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन बीईओ के मौजूद नहीं होने पर सरपंच ईश्वर निषाद ने उनसे फोन पर चर्चा की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द शिक्षक की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी सोमवार, 24 अगस्त से स्कूल में तालाबंदी करने का निर्णय लिया जा सकता है।

इधर, राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा गुरुवार को दोपहर 2 बजे पाटन ब्लॉक के ग्राम सोनपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं। ग्रामीण अब सोनपुर में गृह मंत्री से मुलाकात कर स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग रखने की बात कह रहे हैं।