पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम घोरारी में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन लीकेज होने से बड़ी मात्रा में पानी गली में बह रहा है। लगातार पानी बहने के कारण गली में कीचड़ फैल गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन से रिसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। पानी के लगातार बहाव से सड़क और गली की स्थिति खराब हो गई है तथा आसपास गंदगी भी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत द्वारा गली में नाली निर्माण नहीं कराए जाने के कारण समस्या और गंभीर हो गई है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से पूरा क्षेत्र कीचड़युक्त हो गया है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत से पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने तथा नाली निर्माण कर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और जल की बर्बादी भी रोकी जा सके।






