पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम कुर्मीगुंडरा में खाद-बीज की उपलब्धता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का जल सत्याग्रह गुरुवार को भी जारी रहा। जन कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष लक्ष्मी सागर तालाब के भीतर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पिछले एक घंटे से अधिक समय से तालाब के पानी में खड़े होकर अपनी मांगों को लेकर सत्याग्रह कर रहे हैं। आंदोलनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चर्चा का पहला दौर भी आयोजित किया गया, लेकिन यह बातचीत बेनतीजा रही। चर्चा के दौरान खाद-बीज वितरण और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मुद्दों पर बात हुई, किंतु आंदोलनकारियों को न तो कोई ठोस जवाब मिला और न ही उनकी मांगों के संबंध में कोई स्पष्ट आश्वासन दिया गया।
युवा नेता युगल आडील के नेतृत्व में चल रहे इस जल सत्याग्रह में क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र मांगें पूरी करने की मांग की है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका जल सत्याग्रह जारी रहेगा।
ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है और आगे की चर्चा की संभावना जताई जा रही है।






