पाटन: युवाओं ने खुद संभाली गांव की व्यवस्था, महीनों से बंद हाईमास्क लाइट को युवाओं ने चंदा कर सुधारा ,सुलभ शौचालय की सफाई भी खुद कर रहे युवाओं की टीम

पाटन। ग्राम पंचायत तरीघाट में विकास और जनसुविधाओं के रखरखाव को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। महतारी चौक जैसे प्रमुख स्थान पर महीनों से हाईमास्क लाइट बंद पड़ी रही, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को इसकी जानकारी भी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान कराने की पहल नहीं हुई। आखिरकार गांव के युवाओं ने पंचायत का इंतजार छोड़कर खुद मोर्चा संभाला और चंदा एकत्र कर हाईमास्क की मरम्मत कराकर उसे चालू कराया।

यह तस्वीर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के लिए काफी है। जिस सार्वजनिक सुविधा को चालू रखना पंचायत और संबंधित व्यवस्था की जिम्मेदारी है, उसके लिए ग्रामीण युवाओं को अपनी जेब से पैसा क्यों लगाना पड़ा।।

शौचालय भी पंचायत की व्यवस्था को दिखा रहा आईना

महतारी चौक स्थित सुलभ शौचालय की हालत भी पंचायत की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। नियमित साफ-सफाई के अभाव में शौचालय गंदगी से भरता रहा। जिस सुविधा के रखरखाव की जिम्मेदारी व्यवस्था की होनी चाहिए, उसे भी गांव के युवाओं ने अपने हाथ में ले लिया।

युवा हर महीने मिलकर इसकी सफाई करते हैं, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को कम से कम इस सार्वजनिक सुविधा का इस्तेमाल करने में परेशानी न हो।