जनता के मन में सवाल—आखिर पाटन में स्थायी SDM कौन?

पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र में अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। अब पाटन के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) SDM पद की जिम्मेदारी नीर निधि नंदेहा को सौंपी गई है। नीर निधि नंदेहा जिले में नवपदस्थ डिप्टी कलेक्टर हैं, जिन्हें अब पाटन SDM की कमान दी गई है।

खास बात यह है कि पाटन में SDM के प्रभार में करीब दो सप्ताह पहले ही बदलाव किया गया था। इसके बाद प्रफुल्ल गुप्ता को SDM का प्रभार सौंपा गया था। अब एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नई जिम्मेदारी नीर निधि नंदेहा को दी गई है।

इससे पहले उत्तम ध्रुव पाटन SDM के रूप में कार्यरत थे। बारिश और बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के दौरान उन्होंने क्षेत्र में रहकर प्रशासनिक व्यवस्था संभाली थी। इसके बाद उनका तबादला महेंद्रगढ़ कर दिया गया। उत्तम ध्रुव से पहले लवकेश ध्रुव पाटन SDM थे, जिन्हें पाटन से हटाकर धमधा भेजा गया था।
लगातार हो रहे बदलावों को देखें तो करीब चार महीने के भीतर पाटन में SDM पद पर कई बार जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इससे स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि आखिर पाटन में SDM की स्थायी पदस्थापना कब होगी।
तहसीलदार पद पर भी लगातार बदलाव
SDM के साथ पाटन के तहसीलदार पद पर भी हाल के दिनों में लगातार फेरबदल हुआ है। पवन ठाकुर के स्थानांतरण के बाद ममता टावरी को पाटन का तहसीलदार बनाया गया था, लेकिन उनके पदभार ग्रहण करने से पहले ही उनका स्थानांतरण नारायणपुर कर दिया गया। इसके बाद अब मनोज गुप्ता को पाटन तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई है।
इस तरह SDM और तहसीलदार दोनों प्रमुख राजस्व पदों पर लगातार बदलाव से प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
जनता के मन में सवाल
पाटन विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या पाटन को जल्द स्थायी SDM मिलेगा या तबादलों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा?
अब नई जिम्मेदारी नीर निधि नंदेहा के सामने है। देखना होगा कि नई SDM के पदभार संभालने के बाद पाटन की प्रशासनिक व्यवस्था किस तरह आगे बढ़ती है।






