पाटन।
पटेल समाज पाटन राज द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन मुख्यालय पटेल धर्मशाला पाटन में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ शाकम्भरी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।
इसके पश्चात पाटन राज के 54 ग्रामों से आए ग्राम प्रमुखों, वरिष्ठ जनों, युवाओं एवं मातृ शक्तियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में विभिन्न ग्रामों से आए समाज के सदस्यों ने क्रमशः अपने-अपने व्यवसायों के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में बताया गया कि समाज के लोग शिक्षा, कृषि, फोटो फ्रेमिंग, बोर खनन, मूर्ति कला, च्वाइस सेंटर, फैंसी दुकान, ब्यूटी पार्लर, फ्रिज एवं एसी सर्विस, फूल व्यवसाय, टेलरिंग, रामायण गायन जैसे अनेक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर युवाओं के मार्गदर्शन पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज का युवा जिस भी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहता है, समाज के माध्यम से उसे उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वह आसानी से अपने लक्ष्य तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में पाटन राज के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पटेल सहित 54 ग्रामों के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। समारोह ने समाज में एकता, सहयोग और विकास की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।







