थाना अंडा परिसर में शांति समिति की बैठक, होली पर्व शांतिपूर्ण मनाने की अपील

अंडा। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से थाना अंडा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना अंडा क्षेत्र के सभी ग्राम के सरपंच, उपसरपंच व प्रतिनिधि, सर्व समाज के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिकगण, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार साथी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में थाना प्रभारी पारस राम ठाकुर ने सभी उपस्थित जनों से अपील की कि होली का त्यौहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित पत्रकार साथियों ने भी समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और अफवाहों पर रोक लगाने में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी है कि वह सत्य एवं शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाए।
प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी ग्राम प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने का संकल्प लिया।