जनता सुशासन तिहार से जुड़कर अपनी समस्या से अधिकारियों की अवगत कराए: नेहा बाबा वर्मा

पाटन। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार अंतर्गत सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने नगर पंचायत पाटन क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।

नगर पंचायत पाटन क्षेत्र में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत दिनांक 15 मई 2026, दिन शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 4 स्थित देवांगन समाज सामुदायिक भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

नगर पंचायत पाटन की सभापति एवं वार्ड क्रमांक 4 अखरा की पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा है कि शासन द्वारा आयोजित इस जनहितकारी शिविर का अधिक से अधिक लाभ लें तथा अपने आसपास की मूलभूत सुविधाओं एवं दैनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें।

उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जहाँ पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों पर आवेदन लिए जाएंगे तथा प्रकरणों पर आवश्यक जांच एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं का समाधान एवं क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वार्ड एवं नगरवासियों से अपने आसपास के लोगों को भी कार्यक्रम की जानकारी देने एवं अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वे स्वयं कार्यक्रम स्थल पर प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं एवं आवेदनों के संबंध में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगी।