पाटन में पेट्रोल-डीजल संकट खत्म होने की ओर, आज शाम 4 बजे से मिलेगा ईंधन

पाटन। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल को लेकर बनी किल्लत अब धीरे-धीरे दूर होती नजर आ रही है। आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने के बाद पाटन के सिकोला रोड स्थित कुबेर पेट्रोल पंप में आज शाम 4 बजे से पेट्रोल और डीजल की बिक्री शुरू की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले फैली अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों में अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी, जिससे कई जगहों पर ईंधन की कमी की स्थिति बन गई थी। हालांकि अब आपूर्ति सामान्य होने लगी है और प्रशासन तथा पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा व्यवस्था को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जमाखोरी रोकने और अधिक से अधिक लोगों तक ईंधन पहुंचाने के उद्देश्य से खुले बर्तनों एवं जेरिकेन में पेट्रोल-डीजल देने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पंप में केवल वाहनों में ही ईंधन दिया जाएगा।

पेट्रोल पंप प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन भरवाएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सके।