HPV टीकाकरण में पीएचसी हनोदा जिले में अग्रणी, बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सराहनीय पहल

अण्डा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हनोदा द्वारा 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे HPV टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की जा रही है। यह अभियान बालिकाओं को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार घर-घर जाकर बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक कर रही है। इस कार्य में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्टाफ नर्स, एलएचवी, फील्ड स्टाफ, सुपरवाइजर एवं मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इनके प्रयासों से अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीशांत दुबे स्वयं प्रतिदिन टीकाकरण सत्रों में उपस्थित रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही वे संभावित प्रतिकूल प्रभावों (AEFI) के प्रभावी प्रबंधन एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी सुनिश्चित कर रहे हैं, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।
पीएचसी हनोदा की यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के समर्पण, कड़ी मेहनत और जनसेवा की भावना का परिणाम है। क्षेत्र में चल रहे इस अभियान की सफलता से बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को नई मजबूती मिल रही है और लोगों में टीकाकरण के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।