एएएफटी यूनिवर्सिटी ऑफ मीडिया एंड आर्ट्स और नंदनवन जंगल सफारी के संयुक्त प्रयास से अंबुजा सिटी सेंटर मॉल, रायपुर में फोटोफेस्ट 2024 का शुभारंभ किया गया | इस कार्यक्रम में एएएफटी यूनिवर्सिटी के फोटोग्राफी छात्रों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का अनूठा प्रदर्शन किया। उनके द्वारा प्रस्तुत फोटोग्राफ समाज के विभिन्न आयामों को दर्शाते हुए फोटोग्राफी के माध्यम से नवाचार और कल्पनाशीलता की झलक पेश किया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही नंदनवन जंगल सफारी पर आधारित वन्यजीव फोटोग्राफी। छात्रों ने जैव विविधता संरक्षण के उद्देश्य को बढ़ावा देते हुए जंगल सफारी में खींची गई अपनी उत्कृष्ट फोटोग्राफ प्रस्तुत कीं। यह प्रदर्शनी न केवल फोटोग्राफी के माध्यम से कला का प्रदर्शन करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता के महत्व को भी रेखांकित करती है।
संचालक नंदनवन जंगल सफारी ने छात्रों को वन्यजीव संरक्षण हेतु प्रेरित किया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और नंदनवन जंगल सफारी के संचालक व DFO श्री धम्मशील गणवीर ने छात्रों के साथ संवाद किया और उनकी रचनात्मकता और नवाचार के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने छात्रों को छत्तीसगढ़ में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के व्यापक अवसरों के बारे में भी जानकारी दी।

श्री गणवीर ने धुडमारास गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे इस गांव ने स्थानीय समुदाय के सहयोग से पर्यटन की पहल शुरू की और आज इसे विश्व पर्यटन संस्थान द्वारा दुनिया के शीर्ष 50 ईको-टूरिज्म गांवों में चुना गया है। इस गांव को भारत के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर एएएफटी यूनिवर्सिटी की निदेशक डॉ. शिखा वर्मा कश्यप ने छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह महोत्सव न केवल छात्रों की रचनात्मकता को मंच प्रदान करता है, बल्कि पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी उजागर करता है। उन्होंने छात्रों को प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।






