महामाया मंदिर के सामने गंदगी का अंबार, दिनभर लगा रहता है असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

पाटन। नगर पंचायत पाटन के प्रमुख धार्मिक स्थल महामाया मंदिर के सामने इन दिनों गंदगी का आलम बना हुआ है। मंदिर के आसपास फैली गंदगी और खाली शराब की बोतलों के कारण श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, तालाब पार में बैठने वाले असामाजिक तत्व दिनभर इस क्षेत्र में डेरा जमाए रहते हैं। देर शाम और रात के समय यहां खुलेआम शराब पी जाती है, जिसके बाद खाली बोतलें और अन्य कचरा मंदिर के सामने ही फेंक दिया जाता है। इससे मंदिर परिसर की पवित्रता प्रभावित होने के साथ-साथ आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है।

रोजाना मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों को इस गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के सामने इस तरह की स्थिति नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत एवं पुलिस प्रशासन से मंदिर परिसर और आसपास नियमित सफाई कराने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि धार्मिक स्थल की गरिमा बनी रहे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।