कौही जा रहे श्रद्धालु दुर्घटना के शिकार,सड़क किनारे पलटी पिकअप,तीन की हालत गंभीर, कई घायल

पाटन।क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शिव धाम कौही मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन दरबार मोखली और बेलौदी के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब आधा दर्जन श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी है, जिसमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही शिव कृपा एंबुलेंस सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पाटन ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु शिव धाम कौही में मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।