पंचायत जनप्रतिनिधियों और किसानों ने पौधे रोपकर लिया संरक्षण का संकल्प
सावनी। ग्राम सावनी स्थित अमृत सरोवर परिसर में मंगलवार को ‘एक पेड़ अपने पुरखा के नाम’ अभियान के तहत पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं किसानों द्वारा सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए पौधे रोपे।

वृक्षारोपण के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसकी रक्षा करेंगे और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षण प्रदान करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए भी बेहद जरूरी हैं।

इस अवसर पर पंचायत जनप्रतिनिधियों और किसानों ने युवा पीढ़ी से अपील करते हुए कहा कि वे भी अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और पर्यावरण की अनमोल विरासत बन सकता है।







