समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास की प्रथम वर्षगांठ पर 100 पौधों का रोपण, शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पाटन। ग्राम पंचायत आगेसरा में संचालित छत्तीसगढ़ के पहले ग्राम पंचायत स्तरीय निःशुल्क कोचिंग सेंटर “समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास” की प्रथम स्थापना वर्षगांठ पर गुरुवार को 100 औषधीय, छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। यह अभियान ग्राम पंचायत के सहयोग से मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम परिसर एवं मुक्तिधाम में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में लगाए गए सभी पौधे लगभग 4 से 5 फीट ऊंचे थे, जिससे उनके शीघ्र विकसित होने की संभावना अधिक है। विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

संस्था के संस्थापक एवं ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू ने कहा कि समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास पिछले एक वर्ष से ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में बच्चों को प्रकृति संरक्षण का महत्व बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर सरजू राम साहू, नंदकुमार पटेल, जसवंत साहू, कमलेश्वर साहू, सियाराम साहू, विजय सोनी, छबलू साहू, संजू साहू, पूनम पटेल, खिलेश्वर साहू, संतोष साहू, भानु साहू, पोषण पटेल, ईश्वरी साहू, प्रेमलता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।