संभाग स्तरीय योगा में पाटन ब्लॉक के खिलाड़ियों ने दिखाया अपना दम…ब्लॉक से पांच बच्चे राज्य स्तरीय योगा ओलंपियाड के लिए चयनित

पाटन।महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग में संभाग स्तरीय योगा ओलंपियाड प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के समस्त जिलों से उपस्थित बालक-बालिकाओं के लिए ट्रेडिशनल योगासन विधा आयोजित हुई, जिसमें 10-14 वर्ष एवं 14-17 वर्ष आयु वर्ग की छात्र छात्राओं ने भाग लिया।

प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम में उत्कृष्ट संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना एवं अनुशासन सराहनीय रहा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्टता को कायम रखते हुए धीरेन्द्र वर्मा और महेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में जिला दुर्ग के पाटन ब्लाक से कुल पांच बच्चों ने विजय का परचम लहराया। संभाग स्तरीय योगा ओलंपियाड 2026 में बालिका वर्ग 10 – 14 वर्ष आयु वर्ग में टोमांशीक पटेल(शास.पू.मा.शा.तेलीगुण्डरा), डिगमनी सपहा(सेजस पू.मा.शा.मर्रा ) और बालक वर्ग में प्रथमेश वर्मा (सेजस पू.मा.शा.मर्रा )तथा बालिका वर्ग 14 – 17 वर्ष आयु वर्ग में भाविका देवाँगन(शास.पू.मा.शा.तेलीगुण्डरा) एवं श्वेता यदु (शास.पू.मा.शा.तेलीगुण्डरा) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय योगा ओलंपियाड के लिए स्थान सुरक्षित किये।।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को मंच मिलता है तथा विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक विकास के साथ स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित होती है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया एवं सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।