पंडरिया।शासन के निर्देशानुसार ब्लाक के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, दुल्लापुर बाजार में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के मादक एवं नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
विद्यालय की अधीक्षिका कामिनी जोशी ने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सहभागिता से ही नशा मुक्त एवं विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।







