पाटन में होली से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील


पाटन।होली पर्व के मद्देनजर पाटन पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाना और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए जागरूक करना रहा।
एडिशनल एसपी ग्रामीण योगिता देवांगन, एसडीओपी अनूप कुमार लकड़ा और थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों से मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांति एवं सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च स्वामी आत्मानंद चौक, बठेना चौक, तहसीलदार कार्यालय मार्ग, कॉलेज रोड, आजाद चौक, पुराना बाजार चौक, महामाया मंदिर रोड, अखरा और खोरपा क्षेत्रों में निकाला गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की।