अंडा। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना अंडा पुलिस ने ग्राम अंडा में अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सुपर 36 ब्रांड की 28 पाव देशी शराब, कुल 5.040 बल्क लीटर, जिसकी कीमत 2,240 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को थाना अंडा की टीम क्षेत्र में नियमित टाउन पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अंडा स्थित शीतला तालाब धराशा रोड पर एक व्यक्ति पैदल शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान प्रमोद निर्मलकर (42 वर्ष), निवासी शांति नगर, ग्राम अंडा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सुपर 36 ब्रांड की 28 पाव देशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।
अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की नजर
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में थाना अंडा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम एवं मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






