सरस्वती साइकिल योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते स्कूल परिसर में किया था हंगामा,भाजयुमो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को पुलिस ने भेजा जेल

रायगढ़ जिले के कुपाकानी सकूल में छात्राओं को साइकिल वितरण के दौरान हंगामा हो गया। भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष रवि भगत ने घटिया साइकिल बांटने का आरोप लगाया।

रायगढ़।सरकार स्कूली छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। लेकिन जब उन्हीं योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता पर सवाल उठने लगें, तो विवाद होना तय है।

ऐसा ही कुछ हुआ मंगलवार को रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कुपाकानी में। यहां साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने घटिया गुणवत्ता की साइकिलें बांटने का आरोप लगाकर विरोध किया। विरोध के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।

साइकिलों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
मिली जानकारी के मुताबिक, मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र स्थित शासकीय हाई स्कूल कुपाकानी का है। यहां शासन की साइकिल वितरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा रही थीं। इसी दौरान भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिसवालों को जमकर छकाया
गिरफ्तारी के दौरान भगत ने पुलिस को काफी छकाया। वे कभी जमीन पर तो कभी कार के सामने लेट गए। यहां तक कि, उनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। विरोध बढ़ने पर पुलिस ने रवि भगत को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। मौके पर भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद थे।