पाटन।
उतई थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर से लापता हुई नाबालिग बच्ची का 20 दिन बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस की लगातार नाकामी से परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, वहीं मां-बाप और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अचानकपुर निवासी राजेश दास मानिकपुरी, जो ग्राम कोटवार के रूप में भी कार्यरत हैं, की 13 वर्षीय पुत्री कु. राधिका मानिकपुरी 28 फरवरी 2026 से लापता है। बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया।
परिजनों ने 1 मार्च 2026 को थाना उतई, जिला दुर्ग में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। परिवार के लोग अपने स्तर पर रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बेटी की तलाश में भटक रहे पिता राजेश दास मानिकपुरी ने अब पुलिस अधीक्षक, दुर्ग से गुहार लगाई है। उनका कहना है कि थाना स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण उनकी बेटी का अब तक पता नहीं चल सका है।
पीड़ित पिता ने एसपी से मामले में गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई करने और उनकी नाबालिग पुत्री को सकुशल बरामद करने की मांग की है। वहीं इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







