पाटन।।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में शनिवार, 11 जुलाई 2026 को जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत पाटन की उपाध्यक्ष श्रीमती निशा योगेश सोनी ने किया।

इस अवसर पर परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक पात्र दंपतियों तक पहुंचकर परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ दिलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के तहत आगामी दिनों में जागरूकता अभियान, परामर्श एवं परिवार नियोजन सेवाओं का संचालन किया जाएगा।







