बीईओ ऑफिस सहित स्कूलों की बिजली कटी,पेयजल सहित गर्मी से परेशान हो रहे बच्चे…शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के 436 कनेक्शन कटे

पंडरिया।नगर में स्थित विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र के अनेक विद्यालयों में पिछले चार दिन से बिजली नहीं है।शिक्षा विभाग सहित महिला बाल विकास विभाग,पीडब्ल्यूडी,वन विभाग सहित 436 शासकीय कार्यालयों के बिजली काटे गए हैं।बिजली बंद होने के चलते छात्र व कर्मचारी परेशान हैं।बीईओ कार्यालय में बिजली नहीं होने से सभी शासकीय कार्य बाधित हैं वहीं उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।कार्यालय के अधिकतर कार्य ऑनलाइन होते हैं।जिसके चलते सभी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

इसी तरह अनेक ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में भी बिजली बंद हैं।ब्लाक के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला डोमसरा,नवागांव हटहा,रेंगाबोड,नानापुरी,पांडातराई सहित सैकड़ों स्कूल में बिजली बंद है।शिक्षा विभाग द्वारा प्रति वर्ष फरवरी माह मे कार्यालय व स्कूलों का बिजली बिल भुगतान किया जाता है,किंतु इस वर्ष बिजली विभाग द्वारा पहले ही बिजली बंद कर दी गई है।सभी स्कूलों के मीटर तक करेंट सप्लाई हो रही है।किंतु बिजली सप्लाई नहीं हो रही है।


पेयजल सहित गर्मी से परेशान-बिजली कट जाने से स्कूलों में बच्चे पेयजल सहित उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे हैं।अधिकतर स्कूलों में अब हैंडपंप के जगह विद्युत चलित मोटर पम्प लग गया है।बिजली बंद होने के कारण छात्रों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।मध्यान्ह भोजन के लिए भी बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।इसके अलावा पंखे नहीं चल पा रहे हैं।जिससे बच्चों को उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे हैं।


455 कनेशन और काटे जाएंगे-पिछले सप्ताह कुल 436 कनेक्शन बन्द किये गए थे।वहीं विद्युत विभाग द्वारा 455 कनेक्शन बुधवार को और बंद किये जायेंगे,इसके सम्बन्ध में सम्बंधित कार्यालयों को मैसेज जारी कर सूचित किया जा चुका है।निर्धारित समय मे पत्र प्रस्तुत नहीं करने या भुगतान नही होने पर बिजली बंद की जाएगी।


“बिजली बिल बकाया होने तथा भुगतान करने का मैसेज भेजा गया था,जिसके बाद 436 शासकीय कार्यालयों के बिजली कनेक्शन काटा गया है।जून 2026 तक बिजली बिल भुगतान करने या भुगतान की निश्चित तारीख संबधी पत्र देने पर बिजली चालू हो जाएगी”
केके झा, कार्यपालन अभियंता ,विद्युत विभाग पंडरिया।