छत्तीसगढ़ में प्री मानसून: प्रदेश के कई इलाकों में होगी जोरदार बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Raipur.छत्तीसगढ़ में प्री मानसून का आगमन हो चुका है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 72 घंटों के लिए रेड, यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान में गिरावट की वजह से मौसम सुहावना हो गया है। इससे प्रदेश के लोग भीषण गर्मी से राहत की सांस ली है। दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवा तेज हो गई है। प्रदेश में मानसून जल्द दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग ने लोगों को समझाइश दी है कि बारिश से बचने के लिए पेड़-पौधे का सहारा न लें, गरज-चमक होने पर घर पर ही रहें।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 72 घंटों में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के साथ बिलासपुर संभाग के रायगढ़, कोरबा और जांजगीर जिले में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दूसरी ओर मुंगेली, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है।
बीजापुर में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश
दूसरी ओर बीजापुर में भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को देर से हुई बारिश से राहत मिली है। गुरुवार की रात को बीजापुर और आसपास के क्षेत्र में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं आज दिनभर हल्की बारिश होती रही। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक भीरेंद्र पालेकर ने बताया कि 22 जून से छत्तीसगढ़ में मानसून ने अपनी दस्तक दे दी है। बता दें कि इस बार मानसून 13 दिन देरी से पहुंचा है।

जून में पड़ी सबसे ज्यादा गर्मी
भीरेंद्र पालेकर ने बताया कि इस साल जून में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी है। इस साल गर्मी का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि 25 से 26 जून तक भारी बारिश के आसार है। आने वाले दिनों में बारिश के साथ-साथ कई स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वह पेड़ के नीचे ना रहे और अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें।

खेती-किसानी के लिए उपयुक्त समय
मौसम वैज्ञानिक ने बताया की मानसून ने अब जिले में दस्तक दे दी है तो अब खेती किसानी के लिए यह उपयुक्त समय है किसान अपने खेतों में बीज और खाद्य की व्यवस्था कर खेती-किसानी में जुटने की किसानों से अपील की है।