धान खरीदी को लेकर पाटन ब्लॉक में तैयारियां शुरू, तहसीलदार ने ली समिति प्रबंधकों की बैठक

खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फड़ निर्माण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के दिए निर्देश

पाटन। आगामी धान खरीदी सीजन को लेकर पाटन विकासखंड में प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने अभी से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है।

इसी कड़ी में तहसीलदार मनोज गुप्ता ने क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधकों की बैठक लेकर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फड़ निर्माण सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।

तहसीलदार ने कहा कि धान खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। खरीदी केंद्रों में पर्याप्त जगह, व्यवस्थित फड़ और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि खरीदी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।

उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करें। प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाना है।