दुर्ग , बालोद , बेमेतरा तीनों जिले के बैंक समितियों के कर्मचारी गण किसानों के इस महत्वपूर्ण समय में व्यवहार मीठा रखें : जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष प्रितपाल बेलचंदन

संजय साहू अंडा । छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दुर्ग, बेमेतरा और बालोद सहित प्रदेश के सभी जिलों में धान खरीदी केंद्रों को व्यवस्थित करने की कवायद जारी है। आगामी 15 नवंबर 2026 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। इस वर्ष किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से और प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रितपाल बेलचंदन ने बताया कि 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में बारदाने की कमी नहीं होगी और किसानों को जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार बारदाने पर बारकोड की व्यवस्था लागू की गई है। इससे बारदाने की पहचान और निगरानी में पारदर्शिता आएगी। खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
।। दुर्ग , बालोद , बेमेतरा तीनों जिले के बैंक समितियों के कर्मचारी गण किसानों के इस महत्वपूर्ण समय में व्यवहार मीठा रखें।।
धान खरीदी छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेशभर में खरीदी की तैयारियों के बीच अब किसानों को 15 नवंबर का इंतजार है।






