प्राचीन भूमि फोड़ मां वृंदा देवी (डिंडा कपाट) धाम में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां पूरी, 11 अक्टूबर को होगी मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना

खारून नदी के पावन तट पर बसे, 12वीं से 14वीं शताब्दी के प्राचीन एवं चमत्कारी सिद्धदात्री भूमि फोड़ मां वृंदा देवी (डिंडा कपाट) धाम, आगेसरा में इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि महापर्व 2026 बड़े ही श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट और ग्राम पंचायत द्वारा नवरात्रि की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित यह धाम क्षेत्र के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहां माता स्वयं भूमि फोड़ कर प्रकट हुई थीं और यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है। नवरात्रि के दौरान यहां दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

मनोकामना ज्योति कलश के लिए बुकिंग शुरू

नवरात्रि पर्व पर धाम में मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी। इसके लिए मंदिर समिति ने दर निर्धारित की है –

तेल ज्योति कलश – 901 रुपये
घी ज्योति कलश – 1601 रुपये

श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचकर अपनी मनोकामना ज्योति बुक करा सकते हैं।

नवरात्रि महापर्व 2026 के मुख्य कार्यक्रम

मां वृंदा देवी प्रचार समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार –

11 अक्टूबर 2026, रविवार – मनोकामना ज्योति कलश स्थापना, सुबह 11 बजे
15 अक्टूबर 2026, गुरुवार – पंचमी पूजन
19 अक्टूबर 2026, सोमवार – महाअष्टमी एवं महाहवन पूजन, दोपहर 12 बजे
20 अक्टूबर 2026, मंगलवार – ज्योति जवारा विसर्जन, दोपहर 12 बजे

नौ दिनों तक मंदिर परिसर में अखंड ज्योति दर्शन, दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन-कीर्तन और विशेष श्रृंगार पूजा का आयोजन होगा।

समिति ने किया आमंत्रण

मां वृंदा देवी प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू ने बताया कि नवरात्रि को लेकर मंदिर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, लाइट डेकोरेशन और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

उन्होंने कहा, मां वृंदा देवी धाम सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हम समस्त ग्रामवासियों की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि वे परिवार सहित धाम पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस महापर्व को सफल बनाएं।

समिति ने सभी भक्तों से समय पर पहुंचकर ज्योति कलश स्थापना में शामिल होने की अपील की है।