बोल बम कांवर यात्रा की तैयारी बैठक, 17 अगस्त को पाटन से निकलेगी यात्रा

पाटन। बोल बम कांवर यात्रा की तैयारियों को लेकर पाटन में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांवर यात्रा के संयोजक जितेंद्र वर्मा ने की। इस दौरान आगामी कांवर यात्रा की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर में घर-घर जाकर एक मुट्ठी चावल एकत्र करने तथा श्रद्धालुओं को आमंत्रण कार्ड वितरित करने के कार्य की समीक्षा की गई। बताया गया कि बोल बम कांवर यात्रा 17 अगस्त, सोमवार को सुबह पाटन से निकलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु टोला घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

कांवर यात्रा को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नगर में संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी सहित बोल बम कांवर यात्रा समिति के पदाधिकारी, नगर के पार्षद, एल्डरमैन एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।