निजी स्कूल वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे, हादसे का मंडरा रहा खतरा, पालकों में है रोष, पाटन ब्लॉक के अमलेश्वरडीह का मामला

पाटन। अमलेश्वरडीह स्थित एक निजी विद्यालय में बच्चों को लाने-ले जाने के लिए संचालित वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाए जाने का मामला सामने आया है। अधिक संख्या में बच्चों को एक ही छोटे वाहन में बैठाए जाने से उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पालकों ने इसे गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अमलेश्वरडीह के निजी विद्यालय में आसपास के गांवों से आने वाले बच्चों के लिए छोटी वाहन की व्यवस्था की गई है। आरोप है कि वाहन की क्षमता की तुलना में अधिक बच्चों को बैठाकर उनका परिवहन किया जा रहा है। इससे बच्चों को असुविधा होने के साथ ही किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

मामले की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद विभाग ने संज्ञान लिया है। बीईओ पाटन ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पालकों का कहना है कि जब स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों से परिवहन शुल्क लिया जाता है तो उसके अनुरूप बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पालकों ने स्कूल प्रबंधन से वाहन में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।