पाटन। आर्ट एंड इंडियन डांस एसोसिएशन (AIDA) के तत्वावधान में रायपुर, छत्तीसगढ़ में 16 से 26 अक्टूबर तक आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के तृतीय दिवस भरतनाट्यम की ओपन एज कैटेगरी में प्रियांशु सिंह देव ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के तृतीय दिवस प्रस्तुत उनकी नृत्य-कला में शास्त्रीय मुद्राओं की शुद्धता, लय-ताल का उत्कृष्ट सामंजस्य, भावाभिनय की सजीवता तथा अंग-संचालन की दक्षता का प्रभावशाली समन्वय देखने को मिला। उनकी सधी हुई और भावपूर्ण प्रस्तुति ने भरतनाट्यम की शास्त्रीय गरिमा को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अन्य कलाकारों से संवाद स्थापित करने तथा भारतीय शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को व्यापक मंच प्रदान करने का अवसर देते हैं। प्रियांशु सिंह देव की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए गौरव का विषय है, बल्कि उनके गुरु और कला-साधना से जुड़े सभी लोगों के लिए भी हर्ष एवं सम्मान का अवसर है।
उनकी इस सफलता से भविष्य में और भी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों तथा नई उपलब्धियों की संभावनाएँ प्रबल हुई हैं। आशा है कि वे अपनी निरंतर साधना, समर्पण और गुरुजनों के आशीर्वाद से भारतीय शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में इसी प्रकार सफलता के नए सोपान प्राप्त करते रहेंगे।
प्रियांशु सिंह देव, नृत्यार्थी कलाक्षेत्रम के गुरु डॉ. जी. रतीश बाबू के मार्गदर्शन में नृत्य-साधना कर रहे हैं। यह सफलता उनकी अनवरत साधना, अनुशासन एवं गुरु के कुशल प्रशिक्षण का प्रतिफल है।






