रायपुर।
रायपुर जिले के कन्हेरा गांव में बिजली सबस्टेशन के लिए किए जा रहे जमीन अधिग्रहण का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति निर्मित हो गई। मामले में पुलिस ने गांव के सरपंच, जिला पंचायत सदस्य सहित कई ग्रामीणों को सेंट्रल जेल ले गया।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण लंबे समय से जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना जमीन अधिग्रहित की जा रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की एवं झड़प भी हुई। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई ग्रामीणों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया।
सेंट्रल जेल परिसर पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों का विरोध जारी रहा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।






