हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना सरकार का संकल्प : कीर्ति नायक…सेजेस घुघुवा में शाला प्रवेशोत्सव एवं सायकल वितरण कार्यक्रम में शामिल हुई जनपद अध्यक्ष

पाटन।विकासखंड पाटन के सेजस विद्यालय घुघुवा (क) में गुरुवार को शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल योजना-2026 का गरिमामय आयोजन उत्साह एवं उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक रहीं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति एवं प्रेरणादायी संबोधन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमुदाय में शिक्षा के प्रति नया उत्साह और विश्वास जगाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे वे बिना किसी कठिनाई के नियमित रूप से विद्यालय पहुँचकर अपनी शिक्षा निरंतर जारी रख सकें।

मुख्य अतिथि श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने और सशक्त समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी आधार है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रही है। छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक संसाधन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना केवल साइकिल वितरण की योजना नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को गति देने का सशक्त माध्यम है। यह योजना ग्रामीण अंचलों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कार के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती नीलम चंद्राकर, सभापति जिला पंचायत दुर्ग ने की। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि श्री प्रणव शर्मा, सभापति जनपद पंचायत पाटन ने शासन की शिक्षा एवं बालिका सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्री राजेश चंद्राकार (सांसद प्रतिनिधि), श्री संजय पाण्डे (पूर्व जनपद सदस्य एवं पूर्व महामंत्री भाजपा), श्री बानेश्वर साहू (अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति), श्रीमती शैलेन्द्री साहू (सरपंच), श्री प्रशांत शर्मा (पालक समिति अध्यक्ष), श्री उत्तम बंजारे, श्री दुर्वासा साहू, श्री भूषण सेन, श्री रवि साहू, श्री लोकेश्वर साहू, श्री अशोक वर्मा, श्रीमती पूनम प्रशांत शर्मा, श्री विद्यासागर निषाद सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल वितरण समारोह विद्यार्थियों के उत्साह, बालिका शिक्षा के प्रोत्साहन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।