जामगांव आर।शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री नरेश केला सहित समिति के अन्य गणमान्य सदस्यों की उपस्थिति में जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचनाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और आवश्यक सहमति प्रदान की गई।

बैठक के प्रारंभ में समिति के स्थानीय सदस्य डॉ. आबिद हसन खान द्वारा गत वर्ष की कार्यवाही एवं रिपोर्ट का वाचन किया गया तथा समिति के पास उपलब्ध निधि की जानकारी सदस्यों को प्रदान की गई।
बैठक में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय श्री विजय बघेल जी के सहयोग से रूरल इंजीनियर्स सर्विस के माध्यम से महाविद्यालय में साइकिल स्टैंड निर्माण हेतु स्वीकृति प्राप्त होने की जानकारी प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल द्वारा समिति के सदस्यों को दी गई।

इसके पश्चात महाविद्यालय को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सोलर पैनल स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय परिसर में सोलर पैनल लगाने हेतु कराए गए सर्वे की जानकारी प्रस्तुत करते हुए सोलर सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री नरेश केला एवं उपस्थित सदस्यों ने आवश्यक नियमों, सब्सिडी एवं अन्य प्रावधानों की जानकारी प्राप्त करने के पश्चात इस कार्य को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री नरेन्द्र धरमगुड़ी, जिन्हें सौर ऊर्जा के क्षेत्र में विशेष अनुभव एवं दक्षता प्राप्त है, द्वारा महाविद्यालय को 10 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम के संबंध में आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात इसे कार्यान्वित किया जाएगा।
बैठक में समिति के सदस्य श्री खेमलाल देशलहरे द्वारा महाविद्यालय की बाउंड्रीवाल एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को मनरेगा के नवीन स्वरूप जी राम जी के अंतर्गत करवाने का प्रस्ताव रखा गया जिसे सभी जानकारी और प्रक्रिया की जानकारी के बाद नियमतः करवाने का प्रस्ताव सर्व सम्मति से स्वीकृत हुआ . इसके साथ ही महाविद्यालय के लिए पूर्व स्वीकृत ओपन जिम को भी सांसद निधि के माध्यम से करवाने का प्रयास करने की बात रखी गई.
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण
जनभागीदारी समिति की बैठक के पश्चात महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, जनभागीदारी समिति के सदस्यों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी के समन्वय में एवं रेड क्रॉस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. संतोष पांडे के मार्गदर्शन में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने लगाए गए सभी पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक घेराबंदी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत पौधों को उपहार स्वरूप देने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा की प्रतिज्ञा भी ली।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के गणमान्य सदस्य श्री लालेश्वर साहू, श्री तेजेंद्र पिपरिया, श्री लालजी डहरे, श्री खेमलाल देशलहरे, श्री उमाशंकर शुक्ल, श्री नरेन्द्र धरमगुड़ी, श्रीमती कौशल्या साहू एवं श्री छबिलाल साहू सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

महाविद्यालय परिवार की ओर से श्रीमती नीता कुंभारे, डॉ. संतोष पांडे, श्री रजनीश तिवारी, श्री गिरीश देशपांडे एवं श्रीमती चेतना सोनी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती नीता कुंभारे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि जनभागीदारी समिति के सहयोग से महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बैठक में लिए गए निर्णय महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।










