गौरेला पेंड्रा मरवाही के नगरीय सीमा क्षेत्र में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण पखवाड़ा, 27 जुलाई से 10 अगस्त तक विभिन्न वार्डो में आयोजित होंगे शिविर

गौरेला पेंड्रा मरवाही /राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय के तहत नगर पालिका परिषद गौरेला एवं पेण्ड्रा और नगर पंचायत मरवाही क्षेत्र में आगामी 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़ा का आयोजन किया जाना है। इस अवधि में प्रत्येक वार्डों में शिविर आयोजित कर सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित होकर समस्याओं का निराकरण यथा संभव मौके पर ही करेंगे। शिविर में करदाताओं को भी करों का भुगतान वार्ड में ही करने की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी।
                   जनसमस्या निवारण पखवाड़ा आयोजन के संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय रायपुर द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि स्थानीय नगरीय निकायों द्वारा अपने क्षेत्र के नागरिकों को नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना मुख्य दायित्व है। स्थानीय नागरिक समस्याएं यथा नल कलेक्शन, राशन कार्ड, राष्ट्रीय परिवार सहायता, वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन निर्माण अनुज्ञप्तियां, अनापत्ति प्रमाण पत्र, नामांतरण स्वरोजगार के प्रकरण तथा कई विविध छोट-छोटे कार्य होते है, जिनका निराकरण शीघ्र अपेक्षित होता है साथ ही नल लीकेज, नलों में पानी न आना, नालियों-गलियों की सफाई, सार्वजनिक नलों के प्लेटफार्म से पानी बहना, कचरे की सफाई व परिवहन टूटी-फूटी नालियों की मरम्मत, सड़कों के गडढ़े पाटना, स्ट्रीट लाईट के मरकरी, बल्ब, ट्यूब का बंद रहना आदि समस्याएं भी है। सारे कार्य आम नागरिकों की दिन-प्रतिदिन की समस्याओं और कार्यों से संबंधित है। इन समस्याओं का निराकरण मौके पर ही शीघ्रता से किये जाने पर नगर पालिका के प्रति आमजन के सदभाव बढ़ेगा, वही स्थानीय प्रशासन में लंबित शिकायतों का निराकरण भी शीघ्र हो सकेगा। शिविरों में महापौर, नगर पालिका, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आम जन की भागीदारी में भी वृद्धि होगी।