जनप्रतिनिधि जनता का समस्या लेकर सदन में आवाज उठाते है, अधिकारी इसे गंभीरता से लेवे, सामान्य सभा के विषयों का 15 दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करे संबंधित विभाग: कीर्ति नायक

पाटन, 15 जून 2026। जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा बैठक जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

अपने उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि सामान्य सभा केवल औपचारिक बैठक नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और विकास संबंधी विषयों के निराकरण का सर्वोच्च मंच है। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया गया प्रत्येक विषय जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं से जुड़ा होता है, इसलिए विभागीय अधिकारियों का दायित्व है कि वे प्रत्येक प्रश्न और मांग पर गंभीरता से कार्यवाही करें।

अध्यक्ष श्रीमती नायक ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि सामान्य सभा में उठाए गए प्रत्येक प्रश्न, सुझाव, मांग एवं शिकायत पर अधिकतम 15 दिवस के भीतर लिखित कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिवेदन में विषय की वर्तमान स्थिति, की गई कार्यवाही, लंबित होने के कारण तथा निराकरण की समय-सीमा का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए।

श्रीमती कीर्ति नायक ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों का संकलन कर उसकी प्रमाणित प्रतिलिपि जनपद पंचायत के सभी सदस्यों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सामान्य सभा की कार्यवाही पुस्तिका की प्रमाणित प्रति भी प्रत्येक सदस्य को प्रदान की जाए, जिससे जनप्रतिनिधियों को उनके द्वारा उठाए गए विषयों की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त हो सके।

बैठक में अध्यक्ष श्रीमती नायक ने यह व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आगामी प्रत्येक सामान्य सभा की बैठक में प्रथम एजेंडा के रूप में पिछली बैठक में उठाए गए विषयों पर विभागवार की गई कार्यवाही की समीक्षा प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में जानकारी प्रस्तुत नहीं करने अथवा अधूरी जानकारी देने वाले विभागों की जानकारी सक्षम प्राधिकारी को भेजी जाएगी। साथ ही बिना उचित कारण के किसी भी अधिकारी की बैठक से अनुपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया कि सामान्य सभा में उठाए गए प्रत्येक विषय पर विभागों द्वारा समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी तथा उसकी जानकारी लिखित रूप में जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक के अंत में अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि “जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया गया प्रत्येक विषय जनता की आवाज है। उसका समाधान करना प्रशासन और विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यवाही ही सुशासन का आधार है।”