पाटन । विकासखंड के ग्राम अचानकपुर में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत सरपंच देवानंद साहू ने एक नन्ही बच्ची को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर की।

इस अवसर पर देवानंद साहू ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर पहुंचकर भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की जानकारी दी गई।






