सावनी में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की खुराक

पाटन। ग्राम सावनी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान की शुरुआत ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रामेश्वरी जांगड़े ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर की।

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि हेमंत जांगड़े, वार्ड क्रमांक 14 के पंच राजेश चेलक, एएनएम कार्यकर्ता सुधा मेहर, केवरा एवं सुशीला सेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं और उन्हें पोलियो की दो बूंद खुराक दिलाई।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत बनाया जा सके। अभियान के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है और स्वस्थ भविष्य के लिए यह आवश्यक कदम है। अभियान को ग्रामीणों का अच्छा सहयोग मिला।