पाटन।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मर्रा के होनहार खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल जगत में विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा पूर्वी यादव (भारोत्तोलन/वेटलिफ्टिंग) और कक्षा 8वीं के छात्र आदित्या ठाकुर (कुश्ती/रेसलिंग) ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपना स्थान पक्का किया है। दोनों खिलाड़ी दिल्ली में आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय भारोत्तोलन एवं कुश्ती प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए 29 अक्टूबर को रवाना होंगे।

स्वर्ण पदक जीतकर किया गौरवान्वित
विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों ने बताया कि पूर्वी यादव ने भारोत्तोलन में अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं, नन्हे पहलवान आदित्य ठाकुर ने कक्षा 8वीं में पढ़ते हुए कुश्ती के दांव-पेंचों से विरोधियों को पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों की इस दोहरी सफलता से स्कूल और स्थानीय क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
क्षेत्रभर से मिल रही हैं बधाइयां

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष खिलेश वर्मा, विद्यालय के प्राचार्य, ग्राम सरपंच मुकेश देवांगन, पीटीआई संतोष यादव, खेलो इंडिया लघु केंद्र मर्रा के प्रशिक्षक भरत ताम्रकार, और संकुल समन्वयक बी. एल. साहू सहित समस्त शाला परिवार व ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने दोनों उदीयमान खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मेडल जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं व बधाई दी है।






