अंडा। शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा, दुर्ग में नवरात्रि के विशेष अवसर पर गरबा महोत्सव एवम् डांडिया नृत्य स्पर्धा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में , शैलदेवी महाविद्यालय के अध्यक्ष राजन कुमार दुबे के पिता अवधेश दुबे जी उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजन कुमार दुबे, अध्यक्ष, शैलदेवी महाविद्यालय ने किया। इस गरबा महोत्सव एवम् डांडिया नृत्य स्पर्धा के निर्णायक डॉ. सरिता श्रीवास्तव, व्याख्याता, शा. उ. मा. वि. धनोरा एवम श्री प्रेम तांडी, डायरेक्टर, नाचो डांस एकेडमी, रिसाली, भिलाई थे।


संयुक्त संचालक डॉ. रजनी राय ने बताया कि प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं ने भाग लिया, जो अपने धर्म और संस्कृति के प्रति एकता और आस्था को दर्शाता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है। हमारी संस्कृति, परंपरा को सहेजना और युवा पीढ़ी को इससे परिचित कराना ही ऐसे आयोजन को सार्थक बनाते हैं। निर्णायक डॉ. सरिता श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदर्शनात्मक कला के विकास से व्यक्तित्व के विकास का उद्देश्य पूर्ण होता है। इस प्रकार उन्हें नृत्य के गुर व नियम सिखाते हुए बहुत सी बातें कही और आमंत्रण हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। इस महोत्सव को देखने के लिए महाविद्यालय में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व विद्यार्थियों के अभिभावक पहुंचे। समारोह के प्रारंभ में सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रास गरबा किया तत्पश्चात् भक्ति पूर्वक माता दुर्गा की आरती की गई। इसके पश्चात् सभी दलों के प्रतिभागियों ने बारी–बारी से अपना–अपना नृत्य प्रस्तुत किया। जिसने सभी का मन मोह लिया और सभी ने मां की जयकारा लगाते हुए इसका आनंद लिया। इस स्पर्धा में कुल 8 नृत्य समूहों ने भाग लिया। जिसमें मां गौरी गरबा ग्रुप बीएससी बी.एड. चतुर्थ सेम. ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नवदुर्गा गरबा ग्रुप, बी. कॉम. तृतीय वर्ष एवम् मां कात्यायनी गरबा ग्रुप बी.एस.सी बी.एड. तृतीय वर्ष क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। उक्त सभी विजित प्रतिभागियों को अध्यक्ष महोदय ने प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए तथा शेष 5 नृत्य समूहों को भी सांत्वना पुरस्कार के रूप में नगद राशि प्रदान किए। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने अपनी निहित उत्तरदायित्व निभाए जिससे यह कार्यक्रम सफल रहा। महोत्सव के अंत में प्रसाद वितरित किया गया। मंच संचालन श्री जितेश मिश्रा, सहा. प्राध्यापक, वाणिज्य ने किया।






