लोकसंस्कृति के रंग में रंगा रहमान कापा स्कूल, सुवा नृत्य और राउत नाचा ने मोहा मन

पंडरिया-विकासखंड मुख्यालय के समीप संकुल बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में दीपावली के अवसर पर “हमारी संस्कृति, हमारी धरोहर” थीम पर विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुवा नृत्य तथा बालकों ने राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक दिखाई और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं बच्चों ने आकर्षक रंगोली, मेहंदी एवं चित्रकला के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सहायक शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा कि संस्कृति हमारी पहचान और अनमोल धरोहर है। इसे सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों को बचपन से ही लोककला और परंपराओं से जोड़ने से उनमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जुड़ाव विकसित होता है। इस अवसर पर उन्होंने सुवा नृत्य प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं को हेयरबेंड तथा राउत नाचा प्रस्तुत करने वाले बालकों को पानी की बोतल भेंट कर प्रोत्साहित किया। साथ ही उपस्थित सभी जनों और बच्चों को चॉकलेट वितरित की।
प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने कहा कि शिक्षक बांधेकर द्वारा पढ़ाई के साथ-साथ कराई जा रही सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को नई दिशा दे रही हैं।
कार्यक्रम में केसली गोड़ान के प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे की विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा जुड़ावन धुर्वे, तुलसी, ग्रामीणजन, माताएं एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। उत्साह, उमंग और सामूहिक सहभागिता के बीच विद्यालय परिवार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।