बारिश ने बदला T20 वर्ल्ड कप का गणित, ऑस्ट्रेलिया बाहर… किस्मत ने दिया ज‍िम्बाब्वे को सुपर-8 का टिकट

T20 world cup 2026

ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में तब बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब ज‍िम्बाब्वे (Zimbabwe) और आयरलैंड (Ireland) के बीच मंगलवार (17 फरवरी) होने वाला मुकाबला लगातार बारिश के कारण रद्द हो गया. दरअसल, इस रद्द मैच की वजह से ऑस्ट्रेल‍िया का टी20 वर्ल्ड कप में सफर खत्म हो गया. 

पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेड‍ियम (Pallekele International Cricket Stadium) में बिना परिणाम खत्म हुए इस मैच में दोनों टीमों ज‍िम्बाब्वे और आयरलैंड को एक-एक अंक मिला, और यही अंक जिम्बाब्वे को सुपर 8 में पहुंचाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ. 

इस नतीजे के बाद ऑस्ट्रेल‍िया की टी20 वर्ल्ड कप की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं. जिम्बाब्वे के पांच अंक हो गए, जबकि ऑस्ट्रेलिया अपने आखिरी मैच में जीत दर्ज कर भी अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच सकता था. ओमान पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका था और इस ‘नो रिजल्ट’ ने आयरलैंड की राह भी बंद कर दी. 

ऑस्ट्रेल‍िया को पहले ही लग चुका था झटका
ऑस्ट्रेलिया की स्थिति एक दिन पहले ही कमजोर हो गई थी, जब उन्हें श्रीलंका के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी. श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य का पीछा आसानी से किया, जिसमें पथुम न‍िसंका की शतकीय पारी निर्णायक रही इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली थी. ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले ज‍िम्बाब्वे से भी हार मिली थी, जबकि उनकी इकलौती जीत आयरलैंड के खिलाफ आई थी. कुल मिलाकर उनका अभियान निराशाजनक रहा. 

ऑस्ट्रेलिया के पास क्वालिफाई करने का रास्ता बेहद मुश्किल था. उन्हें उम्मीद थी कि आयरलैंड, ज‍िम्बाब्वे को हरा दे. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को अपने अंतिम मैच में ओमान पर बड़ी जीत दर्ज करनी थी. साथ ही उन्हें अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ता. लेकिन बारिश ने सारे समीकरण खत्म कर दिए.