केशव साहू
डोंगरगढ़। लगातार रातभर और दिन में हुई झमाझम बारिश के कारण डोंगरगढ़ के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और कचरा जाम रहने से बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर कई घरों में घुस गया। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण बारिश का पानी निकासी नहीं हो सका और घरों में भर गया। जलभराव से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई तथा घरेलू सामानों को भी नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने इस स्थिति के लिए डोंगरगढ़ नगर पालिका की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए नगर पालिका अध्यक्ष एवं संबंधित वार्ड पार्षदों के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।






