राजधानी रायपुर में शनिवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी के पास एक सुनसान प्लॉट में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ है। किशोरी पिछले तीन दिनों से लापता थी और उसके परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार दोपहर एक युवक बकरियां चरा रहा था, तभी उसकी नजर खाली प्लॉट में पड़े शव पर पड़ी। शव की स्थिति संदिग्ध होने पर उसने तुरंत पास ही स्थित पुलिस कॉलोनी में मौजूद स्टाफ को इसकी सूचना दी। इसके बाद राजेंद्र नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को घेराबंदी कर घास-फूस हटाकर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की हालत देखकर साफ है कि किशोरी की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह चोटों और घसीटे जाने के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक अनुमान है कि वारदात कहीं और हुई और बाद में शव को सुनसान जगह में फेंका गया। घटनास्थल के आसपास किसी तरह की चप्पल, मोबाइल या कपड़े का टुकड़ा नहीं मिलने से यह आशंका और मजबूत हो गई है।
परिजनों के अनुसार, मृतका गुरुवार दोपहर घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो स्वजनों ने तेलीबांधा थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार को शव मिलने की सूचना के बाद परिवार बेसुध हालत में मौके पर पहुंचा।
जांच के दौरान पुलिस को प्रेम प्रसंग की भी जानकारी मिली है। परिजनों के बयान और मृतका के मोबाइल रिकॉर्ड से पुलिस को पता चला है कि वह किसी युवक के संपर्क में थी। इस एंगल को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन डंप की जांच कर रही है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना के समय आसपास की गतिविधियों का सुराग मिल सके ।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्या के पीछे एक से अधिक व्यक्ति भी हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियाँ इस बात की ओर संकेत करती हैं कि अपराध की प्रकृति योजनाबद्ध हो सकती है। हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। फोरेंसिक टीम ने मौके से मिट्टी, घास, फाइबर पार्टिकल्स और संभावित डीएनए सैंपल कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच तेज की गई है और जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।






