रायपुर नगर निगम का बजट : 500 सीटों वाली 2 सेंट्रल लाइब्रेरी,ट्रेड टॉवर बनेंगे

रायपुर। नगर निगम रायपुर का बजट शुक्रवार को महापौर मीनल चौबे ने पेश किया। निगम का कुल बजट 15 सौ 29 करोड़ 53 लाख 28 हजार का है। पिछले साल के तुलना में कम का बजट पेश किया गया। मीनल चौबे ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, हमने बनाया है हम ही संवारेंगे, रायपुर को स्वर्ग सा निखारेंगे, इसके बाद फायदे का बजट पेश किया।

महापौर मीनल चौबे ने कहा- शहर का विकास पिछले कांग्रेस के कार्यकाल में थम सा गया था। पिछला कार्यकाल सपनों के नाम रहा, जिसे गति देने का काम हम कर रहे हैं, रायपुर शहर के सर्वांगीण विकास में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा। महापौर ने बताया कि, युवाओं के लिए हाईटेक लाइब्रेरी बनावाएंगे। 500 सीटों वाली 2 सेंट्रल लाइब्रेरी के लिए 22.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 219 करोड़ की लागत से क्रिस्टल आर्केड और ट्रेड टावर बनाए जाएंगे।

बजट के प्रावधान –

युवाओं के लिए हाईटेक लाइब्रेरी- 500 सीटों वाली 2 सेंट्रल लाइब्रेरी के लिए 22.84 करोड़ स्वीकृत
सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर का निर्माण- 61 करोड़ की लागत से प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा- कामकाजी महिलाओं के लिए 3 नए हॉस्टल
व्यापारिक विकास को प्रोत्साहन- 219 करोड़ की लागत से क्रिस्टल आर्केड और ट्रेड टावर चौपाटी निर्माण से छोटे व्यापारियों को फायदा
तालाबों का संरक्षण- 30 करोड़ की लागत से जोरा, छुईया और करबला तालाब का पुनर्विकास
शुद्ध पेयजल के लिए नई योजनाएं- 311 करोड़ की लागत से नल कनेक्शन और जलागार निर्माण
दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा- 10 करोड़ की लागत से दिव्यांग पार्क का निर्माण
स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर- स्मार्ट वेस्ट मॉनिटरिंग सिस्टम