रायपुर: संविदा शिक्षक-कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी


रायपुर।
रायपुर स्थित कर्मचारी भवन, शहीद भगत सिंह चौक, तेलीबांधा में छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने संघ की विभिन्न मांगों को गंभीरता से सुना और संगठन को पूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, सीधी भर्ती प्रक्रिया में कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिकता, नियमितीकरण एवं समायोजन की मांग, तथा आगामी आंदोलन की रूपरेखा और तिथि निर्धारण प्रमुख रहे।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शासन द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो संघ जल्द ही चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
संघ पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
अंत में संघ द्वारा मुख्य अतिथि श्री कमल वर्मा, श्री चंद्रशेखर तिवारी (प्रदेश महामंत्री), श्री पंकज पांडे (प्रांतीय प्रवक्ता), श्री पीताम्बर पटेल (जिला संयोजक), श्री उमेश मुदलियार (प्रदेश महामंत्री, पेंशनर संघ) सहित अन्य पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी उपस्थित साथियों को धन्यवाद दिया गया।